
नागौर, सरासनी। जिले के सरासनी गांव में JSW सीमेंट कंपनी के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने आंदोलनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और उन पर पथराव किया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सरासनी गांव के किसान लंबे समय से JSW सीमेंट कंपनी द्वारा भूमि अधिग्रहण और पर्यावरणीय नुकसान के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को जब किसान धरना स्थल पर प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए, तो पुलिस ने आंदोलन को रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
किसानों पर पुलिस का बल प्रयोग
आंदोलनकारियों के अनुसार, पुलिस ने अचानक लाठीचार्ज शुरू कर दिया और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। कुछ पुलिसकर्मियों ने किसानों पर पथराव भी किया, जिससे कई किसान घायल हो गए।सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार घटना के बाद आंदोलन और उग्र हो गया। किसानों ने पुलिस के इस बर्ताव को “तानाशाही और अमानवीय” करार दिया। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे थे, लेकिन पुलिस ने हम पर लाठियां बरसाईं और पथराव किया। यह न्याय नहीं है।”
धरना स्थल पर कई घायल, माहौल तनावपूर्ण
नागौर जिले के सरासनी गांव में JSW सीमेंट कंपनी के खिलाफ किसानों के धरने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिससे कई किसान और पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल है, और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि किसान संगठनों ने विरोध जारी रखने की घोषणा की है।